Varanasi News: लालपुर स्टेडियम का कायाकल्प होने वाला है। सिगरा स्टेडियम का दिन पहले ही बहुर चुका है। अब लालपुर स्टेडियम में इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इस परिसर में ही 200 खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल भी बनाया जाना है। स्टेडियम का निर्माण उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम (सिडको) करेगा। फिलहाल लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ, एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक, बास्केटबॉल के लिए सिंथेटिक कोर्ट और फुटबॉल मैदान है।
लालपुर स्टेडियम में बनना है इंडोर स्टेडियम
इंडोर स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को जूडो, कराटे, मुक्केबाजी, कबड्डी, कुश्ती आदि खेलने का मौका मिलेगा। मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम को निर्माण 215 स्क्वायर फीट में किया जाएगा। इसका प्रस्ताव खेल विभाग द्वारा बनाया जा रहा है। फिर इसे बोर्ड की बैठक में पेश किया जाएगा। बता दें अभी लालपुर स्टेडियम में हॉकी और एथलेटिक्स के दो हॉस्टल हैं। 40 बेड का हॉस्टल है, जिसमें 70 खिलाड़ी रहते हैं। इसके अतिरिक्त स्टेडियम में वॉलीबॉल, फुटबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट है।
