शहर

कुंभ 2027 की तैयारी तेज, हरिद्वार में बनेगा अत्याधुनिक कंट्रोल सेंटर और दो पुल; सरकार ने दी मंजूरी

उत्तराखंड सरकार ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में CCR-2 भवन के निर्माण लिए 50.27 करोड़ रुपये मंजूर किए। साथ ही 20.11 करोड़ की पहली किस्त जारी हुई। वहीं सुखी नदी पर नए पुल समेत कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी गई है। जिससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा।

Image

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

हरिद्वार में अगले साल होने वाले कुंभ मेला 2027 को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 (CCR-2) भवन बनाने के लिए 50.27 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा सरकार ने सुखी नदी और मायापुर एस्केप चैनल पर दो नए पुलों को बनाने की भी मंजूरी दी है। सीएम धामी ने बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए सुरक्षा, सुविधा और बेहतर प्रबंधन पर खास जोर दिया है, जिससे कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए पहली किस्त जारी

उत्तराखंड सरकार ने कंट्रोल सेंटर के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 20.11 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। सरकार आगामी कुंभ मेले के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली और कंट्रोल मैकेनिज्म तैयार कर रही है। जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार दौरे के दौरान कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा की थी। साथ ही अधिकारियों को सभी स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

जल्द शुरू होगा CCR-2 और पुलों का निर्माण कार्य

सीएम धामी ने पिछले सोमवार को अपने हरिद्वार दौरे के दौरान यह भी निर्देश दिया कि CCR-2 बिल्डिंग और दोनों पुलों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए सुखी नदी पर बनने वाला 44.80 मीटर लंबा डबल लेन पुल काफी अहम माना जा रहा है। यह पुल कांवड़ मार्ग पर बने पुराने कॉजवे की जगह बनाया जाएगा। मानसून के दौरान यहां जलभराव और तेज बहाव के कारण अक्सर खतरे के हालात बन जाते हैं।

पुल निर्माण के लिए पहली किस्त जारी

इस पुल के बनने के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सकेगा। इसमें पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और दोनों ओर एप्रोच रोड का भी निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 13.21 करोड़ रुपये है, जिसमें से 5.28 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। सरकार का कहना है कि कुंभ मेला 2027 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article