Pilibhit Crime News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। लगभग एक वर्ष पूर्व ब्याही गई एक विवाहिता ने अपने सौतेले ससुर पर जबरन दुष्कर्म करने और पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सौतेले ससुर, पति, देवर, चाचा ससुर और सास के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विवाहिता पर डाली ससुर ने गंदी नजर, अकेले पाकर किया दुष्कर्म, पति को बताया तो मिली जान से मारने की धमकी (प्रतीकात्मक फोटो)
यह मामला पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने सौतेले ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर नताशा गोयल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मंगलवार को पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कर रही आरोपी की जांच, सबूतों के आधार पर होगा एक्शन
पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के अनुसार, महिला की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। आरोप है कि आठ जून की रात जब वह घर में अकेली थी, तभी उसका सौतेला ससुर जबरन कमरे में घुस आया और जान से मारने की धमकी देकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने घटना की जानकारी पति को दी, लेकिन आरोप है कि मदद करने के बजाय पति, देवर, चाचा ससुर और सास ने उसके साथ मारपीट की तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की 17 अगस्त को दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने सौतेले ससुर, पति, देवर, चाचा ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
