उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (24 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में आज यानी 24 जनवरी को मौसम मिला-जुला रहने की उम्मीद है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। पहले ही बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना जताई जा चुकी थी, और शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में इसका असर देखने को मिला।
यूपी का मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ अभी और प्रभावी हो सकता है, जिससे प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में भी बारिश जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। बीते कुछ दिनों से पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज धूप निकलने के कारण दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही थी। लेकिन गुरुवार को दोबारा चली ठंडी पछुआ हवाओं ने रात के तापमान में गिरावट ला दी, जिसका असर शुक्रवार सुबह तक साफ दिखा। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जैसी स्थिति बनी। तेज हवाओं के कारण तापमान में फिर से कमी दर्ज की गई।
आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया है कि फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ काफी शक्तिशाली है और इसका असर रविवार तक बने रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज और कल यानी रविवार को लखनऊ समेत आसपास के जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा।
राजधानी लखनऊ के तापमान का पूर्वानुमान
| दिन | अधिकतम तापमान (°) | न्यूनतम तापमान (°) |
| शनिवार | 25 | 14 |
| रविवार | 25 | 13 |
| सोमवार | 24 | 10 |
| मंगलवार | 25 | 13 |
27 जनवरी को होगा नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. सीताराम मिश्रा का कहना है कि अयोध्या सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके असर से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। अगर तापमान की बात करें, तो अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद करीब दो दिन तक तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है, फिर धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होगी। वहीं, 27 जनवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश से सटे मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
