शहर

यूपी में एंटी साइक्लोन की एंट्री, कोर्ट में गश खाकर गिरा चमगादड़; पारा 48 डिग्री पार; तीन दिन गर्मी-लू का बड़ा अलर्ट

UP Heatwave : हमीरपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने पर कोर्ट परिसर में एक चमगादड़ गश खाकर जमीन पर गिर गया, जिसे वकीलों में पानी पिलाकर सुरक्षित किया। आइये जानते हैं आज यूपी में आज का मौसम कैसा रहा?

Image

हमीरपुर में गर्मी का मारा चमगादड़ (फोटो-ट्विटर)

UP Heatwave : उत्तर प्रदेश की धरती सूरज के तेवर से तप रही है। अधिकांश जिलों में लगातार बढ़ते तापमान ने हालत पतली कर रखी है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार जताए हैं। अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, बुंदेलखंड में भीषण गर्मी के कारण हमीरपुर में कोर्ट के पास एक चमगादड़ गश खाकर गिर गया, जिसे वकीलों ने पानी पिलाकर सुरक्षित किया।

ट्विटर पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वकील चमगादड़ को बोतल से पानी पिला रहे हैं और छांव की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके इस कार्य की लोग सराहना कर रहे हैं। वीडियो में लोग दावा कर रहे हैं उन्होंने अपनी लाइफ में पहली बार ये वाकया देखा है।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव, साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। इसके अलावा मध्य भारत के ऊपर बने एंटीसाइक्लोन के प्रभाव से मध्य क्षोभमंडल स्तरों से नीचे उतर रही गर्म हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

आईएमडी ने 21 से 25 मई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के समय भीषण लू चलने का अनुमान जताया है। वहीं, 22 से 24 मई के बीच कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहने की संभावना है। इसी अवधि में पूर्वी यूपी के कई इलाकों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। यहां भी कुछ स्थानों पर रात के समय गर्मी से राहत नहीं मिलने की आशंका है।

यूपी में कहां सबसे ज्यादा तापमान

आईएमडी की रिपोर्ट की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा 48 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ एक बार फिर देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

खेती पर गर्मी का नकारात्म प्रभाव

भीषण गर्मी का असर कृषि संबंधी गतिविधियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी दिखाई देने लगा है। भीषण गर्मी के कारण धान की बुआई का काम प्रभावित हो रहा है। खेत तैयार होने के बावजूद किसान बुआई शुरू करने से हिचकिचा रहे हैं। यदि अभी बीज बोए गए तो लगातार सिंचाई करनी पड़ेगी और तेज गर्मी में फसल झुलसने का खतरा रहेगा। ऐसी स्थिति में बुआई करना नुकसानदायक हो सकता है।

गर्मी से प्रभावित कारोबार

अलीगढ़ से मिली रिपोर्ट के अनुसार, जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण प्रमुख बाजारों में दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है। शहर के सबसे पुराने बाजार में गर्मी के चलते व्यापारिक गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं। पिछले तीन दिनों में औसत दैनिक कारोबार करीब तीन करोड़ रुपये से घटकर लगभग तीन लाख रुपये रह गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आम लोगों को लू और गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article