उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (09 February 2026): उत्तर प्रदेश में फरवरी के महीने में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी धूप तो कभी ठंडी हवा और कभी-कभी बरसात के चलते लोग असमंजस में हैं। वहीं, आज 9 फरवरी को मौसम फिर से बदलने वाला है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, प्रदेश के कई क्षेत्रों में घने कोहरे की संभावना है। ठंड के मौसम के खत्म होने से पहले कोहरे ने एक बार फिर असर दिखाना शुरू कर दिया है। विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ घंटों में तराई और मैदानी इलाकों में कोहरा घना रहेगा और खासकर सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है। ऐसे में आइए जानें आपके यूपी में आज के मौसम का हाल कैसा रहेगा?
यहां रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और आस-पास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके साथ ही आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में भी IMD ने घने कोहरे के लिए चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ में मौसम का हाल
लखनऊ में सोमवार, 9 फरवरी को न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जबकि दिन का तापमान सामान्य रहेगा और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम काफी हद तक साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम के समय धुंध और कोहरे की संभावना बनी रहेगी। तराई और मैदानी क्षेत्रों में आने वाले कुछ घंटों में कोहरे का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा। इन इलाकों में सुबह के समय सड़क पर वाहन चलाते समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पछुआ हवाओं के चलते छटेगा कोहरा
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, तेज पछुआ हवाओं के सक्रिय होने के बाद घना कोहरा धीरे-धीरे कम होने लगेगा। अगले 2-3 दिनों में प्रदेश में दिन के तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि सुबह और शाम की ठंड अभी लोगों को महसूस होती रहेगी। वहीं, हवा की गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक से मध्यम स्तर के बीच बनी हुई है। कुछ क्षेत्रों में AQI मध्यम दर्ज किया गया, जबकि कई स्थानों पर हवा अपेक्षाकृत साफ रही। रविवार शाम को लखनऊ का औसत AQI 178 रहा।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में ठंड और घने कोहरे की संभावना है। कल 10 फरवरी तक सुबह और रात के समय कुछ स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा पड़ सकता है। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में लगभग 2°C की हल्की वृद्धि होगी, जिसके बाद अगले दो दिनों में लगभग 2°C की गिरावट की संभावना है और उसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं रहेगा। कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे के चलते सुबह और रात के समय सावधानी बरतनी आवश्यक होगी।
