Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली की रात दो परिवारों के बीच हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने रविवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सख्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आठवें आरोपी की पहचान 38 वर्षीय इमरान उर्फ बंटी के रूप में हुई है।
दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर मर्डर केस में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
कब और कैसे हुई घटना?
गौरतलब है कि 4 मार्च को जेजे कॉलोनी इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि हिंसक झड़प में 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, होली के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर गिर गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवार करीब पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, इससे पहले भी उनके बीच इलाके में पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे मुद्दों को लेकर विवाद होते रहे थे।
मृतक के भाई ने दिया ये बयान
इस मामले में इससे पहले उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्ताक (46), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। वहीं, मृतक तरुण के भाई ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ बुलडोजर कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक, “जिन लोगों ने मेरे भाई की हत्या की है, उन्हें भी उसी तरह की सजा मिलनी चाहिए।”
एमसीडी ने लिया एक्शन
वहीं, नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार को एक कार्रवाई करते हुए आरोपियों में से एक के मकान के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एमसीडी की टीम दो बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और घर के केवल अवैध रूप से बने हिस्सों को ही तोड़ा गया, जबकि पूरे मकान को नहीं गिराया गया। एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के अभियान के तहत की गई है, जिससे पानी के बहाव में रुकावट न आए। खासकर मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए ऐसे अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
इलाके में रखी जा रही है कड़ी निगरानी
ध्वस्तीकरण के दौरान इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र को निगरानी के लिए जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांट दिया गया है ताकि हालात पर नजर रखी जा सके। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। शुक्रवार को गुस्साई भीड़ ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी थी। इसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की शांति भंग की आशंका को रोकने के लिए इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
