UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-December-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि ठिठुरन सिर्फ रात तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि दिन के समय भी कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश को इस ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। कोहरे, शीतलहर और ‘कोल्ड डे’ की स्थिति ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
नए साल पर और बढ़ सकती है ठंड
दिन में भी ठंड का प्रकोप
प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। बहराइच में दिन का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोरखपुर में लगातार 13वें दिन दिन का पारा सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। कई इलाकों में शीत दिवस और अति शीत दिवस जैसी स्थिति बन गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश चल रही सर्द हवाओं ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। इन हवाओं के कारण कोहरे का घनत्व बढ़ गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गोरखपुर, देवरिया और आसपास के इलाकों में दिन-रात के तापमान में अंतर काफी कम हो गया है, जिससे गलन बढ़ गई है।
घने कोहरे से थमी रफ्तार
घने से बहुत घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। सुबह और देर शाम विजिबिलिटी बेहद कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लगभग पूरे प्रदेश में कोहरे की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में दृश्यता 500 मीटर से भी कम रहने की आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ से और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। खासतौर पर रात के समय ठंड और गलन और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर समेत कई जिलों में घने से घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कानपुर, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आजमगढ़, बलिया और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ-नोएडा में भी कोहरे की चादर
राजधानी लखनऊ में सुबह के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है, जहां दृश्यता 500 से 700 मीटर तक रह सकती है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 11 और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं नोएडा में भी दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी, हालांकि दोपहर तक मौसम कुछ हद तक साफ हो सकता है।
