UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18 December 2025: उत्तर प्रदेश में मौसम ने ठंड का कहर दिखाना शुरू कर दिया है और राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में कोल्ड डे की संभावना को लेकर चेतावनी दी है। विशेष रूप से गुरुवार, 18 दिसंबर को इन क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कोहरे और कम तापमान को लेकर ताज़ा जानकारी साझा की है। इस दौरान सिर्फ न्यूनतम तापमान ही नहीं, बल्कि अधिकतम तापमान में भी अचानक गिरावट देखने को मिलेगी।
IMD लखनऊ के अनुसार, 18 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दिन और रात दोनों समय मौसम काफी ठंडा रहेगा। ऐसे में 14 जिलों में शीतलहर का असर बना रहेगा। इन शहरों में सूरज के दर्शन भी मुश्किल होंगे। मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं। कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी-20 मैच रद्द कर दिया गया। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन घने कोहरे के चलते टॉस भी नहीं हो पाया। अंपायर्स ने छह बार हालात का निरीक्षण किया, लेकिन रात 9:30 बजे तक स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण मैच रद्द कर दिया गया।
इन जिलों में रेड अलर्ट
गुरुवार, 18 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के 14 से अधिक जिलों में कोहरे के साथ शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। इन जिलों में दृश्यता बेहद कम यानी लगभग शून्य रहने का अनुमान है। प्रभावित जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
आज सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुलतानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशाम्बी, जौनपुर और अयोध्या में मध्यम कोहरे का असर रहने का अनुमान है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं, झांसी, ललितपुर और इटावा में भी हल्का कोहरा पड़ने की संभावना है।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम पूरी तरह बदल गया है। आज सुबह का आरंभ घने कोहरे के साथ होगा, जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, नोएडा में भी मध्यम कोहरे का प्रभाव रहेगा। तापमान में भी आज कुछ गिरावट आने की संभावना है और अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है, जिससे दिन के समय भी ठंड का अनुभव काफी मजबूत रहेगा।
