UP News: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को निर्विरोध रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके निर्वाचन की घोषणा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। पंकज चौधरी के हाथों में संगठन की कमान आते ही प्रदेश भाजपा में नए संगठनात्मक दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
पीयूष गोयल ने की औपचारिक घोषणा
घोषणा करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि सर्वसम्मति से पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है, जो पार्टी के लिए गर्व का विषय है। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का निर्वाचन भी पूरा किया गया। समारोह के दौरान पार्टी नेताओं ने पंकज चौधरी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता की सराहना की।
पंकज चौधरी की ताजपोशी को भाजपा की एक अहम राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। वह पूर्वांचल के महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सात बार सांसद रह चुके हैं और क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखते हैं। कुर्मी समुदाय से आने वाले पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने ओबीसी वोट बैंक पर अपनी पकड़ और मजबूत करने का संकेत दिया है।
कौन हैं पंकज चौधरी
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी कुर्मी समुदाय से आते हैं, जो यूपी की ओबीसी आबादी का करीब आठ प्रतिशत है और यादवों के बाद सबसे बड़ा वर्ग माना जाता है। पूर्वांचल में कुर्मी वोटों की मजबूत पकड़ रखने वाले पंकज चौधरी के जरिए भाजपा इस वर्ग को दोबारा अपने पाले में लाने की रणनीति पर काम कर रही है।
औद्योगिक और राजनीतिक परिवार की पृष्ठभूमि
पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर 1964 को पूर्वांचल के एक प्रतिष्ठित औद्योगिक परिवार में हुआ। उन्होंने शुरुआती शिक्षा एमपी इंटर कॉलेज से और उच्च शिक्षा गोरखपुर विश्वविद्यालय से प्राप्त की। उनकी मां उज्जवल चौधरी महाराजगंज की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनका परिवार ‘हरबंशराम भगवानदास आयुर्वेदिक संस्थान प्राइवेट लिमिटेड’ का संचालन करता है, जो राहत रूह जैसे प्रसिद्ध आयुर्वेदिक उत्पाद बनाता है।
महाराजगंज जिला पंचायत में दबदबा
महाराजगंज जिला पंचायत में पंकज चौधरी के परिवार का लंबे समय से दबदबा रहा है। उनके बड़े भाई स्वर्गीय प्रदीप चौधरी पहले अध्यक्ष बने, जबकि उनकी मां उज्जवल चौधरी लगातार दो बार इस पद पर रहीं। विपक्ष में रहते हुए भी इस इलाके में परिवार की राजनीतिक पकड़ बनी रही।
स्थानीय राजनीति से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
पंकज चौधरी ने 1989 में गोरखपुर नगर निगम से पार्षद के रूप में राजनीति की शुरुआत की और उप महापौर भी रहे। 1990 में उन्हें भाजपा की जिला कार्यसमिति में जिम्मेदारी मिली और 1991 में पहली बार महाराजगंज से सांसद चुने गए।
सात बार सांसद, लंबा संसदीय अनुभव
वे 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में सांसद बने। 1999 और 2009 में हार के बावजूद उन्होंने राजनीति में वापसी की। 2014 के बाद से वे लगातार सांसद हैं और पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया। इसके अलावा पंकज चौधरी को भाजपा का समर्पित कैडर माना जाता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने 35 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उन पर विशेष भरोसा है। अमित शाह सार्वजनिक मंच से उन्हें सबसे अनुभवी सांसदों में गिन चुके हैं।
