उत्तर प्रदेश का मौसम (01 July 2026) UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में आखिरकार मानसून की एंट्री हो गई है। 10 दिनों की देरी के बाद 30 जून को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यह यूपी में पहुंच गया है। जिसके बाद मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को झमाझम बारिश के बाद बुधवार सुबह भी ललितपुर, बिजनौर, बुलंदशहर, फतेहपुर समेत कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। वहीं लखनऊ, कानपुर, हरदोई समेत अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं। साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। जिससे गर्मी से काफी राहत मिली है और लू की लगभग छुट्टी हो गई है।
यूपी में आज भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
यूपी में 1 जुलाई को झमाझम बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। प्रदेश में आज गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा और कासगंज को छोड़कर शेष सभी जिलों में कहीं येलो तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है और बेवजह बाहर निकलने से बचने को कहा है।
यूपी में 10 दिनों की देरी से पहुंचा मानसून
यूपी में मानसून आगमन की सामान्य तारीख 20 जून है। लेकिन इस बार यह देरी से यहां पहुंचा। पिछले 19 दिनों से मानसून यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका हुआ था। जिसके बाद इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हुईं। जिसके बाद 30 जून को मानसून सोनभद्र और महाराजगंज के रास्ते यूपी में प्रवेश कर गया। फिलहाल यह आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में मानसून के पूरे प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। इससे तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यूपी में बारिश से कई जगह जलभराव
यूपी में मंगलवार को 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की समस्या और बारशजनित हादसे भी सामने आ रहे हैं। बिजनौर में बारिश के कारण सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया। ललितपुर में रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल तक पानी पहुंच गया। फतेहपुर में बुधवार को तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया। जिस कारण ई-रिक्शा पलटने से दो लोग घायल हो गए।
