यूपी में आज का मौसम (01 July 2026): उत्तर प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। इसके प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने आज यूपी के सभी जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। सुबह से नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद समेत 30 जिलों में बादल छाए हुए हैं। नोएडा समेत कुछ शहरों में सुबह के समय बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश के साथ आंधी को लेकर चेतावनी भी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर, सभी जिलों में अलर्ट जारी
पूरी यूपी को कब तक कवर करेगा मानसून
यूपी में इस बार सामान्य तारीख 20 जून से 10 दिन की देरी से मानसून का आगमन हुआ है। जिसके बाद अब प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण हीटवेव और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। साथ ही तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम ऐसे ही बिगड़ा रहने की संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। फिलहाल दक्षिण पश्चिम मानसून बदायूं, अयोध्या, मेरठ और लखनऊ से होते हुए आगे बढ़ रहा है। यह अगले 24 से 38 घंटों में पूरे राज्य को कवर कर सकता है।
यूपी में बारिश से कई जगह जलभराव की समस्या
बुधवार को भी यूपी में कानपुर, बलिया, प्रयागराज, वाराणसी समेत करीब 25 शहरों में बारिश दर्ज की गई। जिससे कई जगहों पर जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। इस दौरान आजमगढ़-बिजनौर में सड़क पर काफी पानी भर गया। ललितपुर में रेलवे स्टेशन तक पानी जा पहुंचा। सबसे अधिक बारिश बहराइच में 113 मिमी हुई। जिसके बाद बिजनौर 95 मिमी, ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 और संभल व हमीरपुर में 65 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बारिशजनित हादसों की भी सूचना मिली। मुजफ्फरनगर में बारिश के बाद बाजार सड़क धंस गई। सोनभद्र में नाले के तेज बहाव में मां-बेटी बह गई। जिससे बच्ची की मौत हो गई। वहीं बलिया और फतेहपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
