PM मोदी की अपील के बाद CM योगी का अहम फैसला; वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स पर दिया जोर, जानें और क्या है अपडेट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को प्रदेश में लागू करने पर जोर देते हुए ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की है। उन्होंने ईंधन की बचत, सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग और अनावश्यक खर्चों को कम करने के लिए कई अहम निर्देश दिए हैं। साथ ही वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल बैठकों को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया है।

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील करते हुए ईंधन की खपत कम करने और अनावश्यक रूप से सोना खरीदने से बचने को कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण अर्थव्यवस्था पर प्रभाव को कम करने के लिए ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करने, सोने की खरीद कम करने और विदेश यात्राओं में कटौती की अपील की थी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री के आह्वान को प्रदेश में व्यवहारिक रूप से अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए। उन्होंने कहा कि काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।

CM Yogi Adityanath Meeting Lucknow

बैठक के दौरान सीएम योगी और कई विभागों के अधिकारी

"वर्क फ्रॉम होम" की व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में "वर्क फ्रॉम होम" की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने पीएनजी, मेट्रो रेल, सार्वजनिक परिवहन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के अधिक उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने सरकारी बैठकों, संगोष्ठियों, सम्मेलनों और कार्यशालाओं का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से करने पर भी जोर दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में उथल-पुथल का माहौल है, ऐसे में सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्यों को प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप तैयार रहना होगा।

End of Feed