पूर्वांचल के 28 जिलों में विकास को मिलेगी रफ्तार, 2,500 करोड़ की UP-EDGE परियोजना होगी शुरू

यूपी सरकार विश्व बैंक के सहयोग से पूर्वांचल के 28 जिलों के लिए यूपी-एज परियोजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। करीब 2,500 करोड़ रुपये की पांच वर्षीय परियोजना का लक्ष्य निवेश, रोजगार, उद्यमिता और निर्यात बढ़ाना है।

उत्तर प्रदेश सरकार पूर्वांचल के 28 जिलों में निवेश, रोजगार और कारोबार के नए अवसर बढ़ाने के लिए एक बड़ी परियोजना शुरू करने जा रही है। विश्व बैंक के सहयोग से शुरू होने वाली उत्तर प्रदेश सक्षम जिला-आधारित आर्थिक विकास (यूपी-एज) परियोजना पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पांच साल की इस परियोजना के तहत स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ने के साथ लगभग एक लाख नए उद्यम विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

purvanchal

पूर्वांचल में निवेश से लेकर निर्यात तक पर जोर (सांकेतिक फोटो)

राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विश्व बैंक के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में परियोजना के विभिन्न प्रस्तावित घटकों पर चर्चा की गई। इनमें प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट (पीपीआर) को भारत सरकार को भेजना भी शामिल है। विश्व बैंक के प्रैक्टिस मैनेजर हून सोह, शीर्ष अर्थशास्त्री एवं राजकोषीय नीति विशेषज्ञ ऑरेलियन क्रॉस, वरिष्ठ अर्थशास्त्री विंसेंट बेलिंगा और वरिष्ठ विशेषज्ञ नेहा गुप्ता के साथ हुई बैठक में बताया गया कि यूपी-एज परियोजना पूर्वांचल के 28 जिलों के लिए तैयार की गई है। बयान के मुताबिक, बुंदेलखंड के सात जिलों को भी इस परियोजना में शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। करीब 2,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की अवधि पांच साल होगी।

End of Feed