Muradnagar Murder Case: गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव रावली में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 80 वर्षीय पति ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब पत्नी उर्मिला अपने घर में चारपाई पर सो रही थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी पति हरपाल ने अचानक पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हरपाल खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया।
वारदात के बाद खुद पुलिस के पास पहुंचा आरोपी
पुलिस सभी एंगल से कर रही मामले की जांच
उसने पुलिस (Ghaziabad News) को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। आरोपी के इस बयान से पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने तुरंत हरपाल को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि हरपाल और उर्मिला मूल रूप से मोरटा के रहने वाले थे और इन दिनों अपनी बेटी कंचन के घर गांव रावली में रह रहे थे। घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों बुजुर्गों के बीच अक्सर सामान्य घरेलू बातों को लेकर कहासुनी हो जाती थी, लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि मामला इतना गंभीर रूप ले लेगा।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी
बेटी कंचन और अन्य परिजनों का कहना है कि यह घटना अचानक हुई है और वे भी इस हादसे से सदमे में हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब इस घटना की जानकारी फैली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। लोग हैरान हैं कि इतनी उम्र में ऐसा कदम कैसे उठाया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
