UP News: उत्तर प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है। सरकार के कार्यकाल के अनुसार विधानसभा चुनाव जनवरी-फरवरी 2027 में हो सकते हैं, लेकिन कुछ अप्रत्याशित कारणों के चलते चुनाव पहले भी कराए जा सकते हैं। ऐसे में चुनाव से पहले BJP संगठन की मजबूत टीम तैयार करना जरूरी है। सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन की नई टीम तैयार हो चुकी है और आज यानी बुधवार 24 जून की शाम तक टीम का ऐलान भी किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन की नई टीम का ऐलान आज हो सकता है
किसी भी राज्य में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी पार्टी संगठन की ही होती है। पार्टी संगठन ही जमीनी स्तर पर काम करके पार्टी को चुनावों में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में भाजपा भी चुनावी वर्ष में पार्टी संगठन की नई टीम का ऐलान करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में CM Yogi Adityanath, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल की झलक साफ दिखाई देगी।
दिसंबर 2025 में पार्टी अध्यक्ष बनाए गए पंकज चौधरी
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अब लगभग 7 महीने दूर हैं। इस लिहाज से प्रदेश पार्टी संगठन की नई टीम को काम करने के लिए लगभग 7 महीने का समय मिलेगा। मार्च 2023 में भूपेंद्र चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए प्रदेश टीम बनाई थी। फिर 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी को देखते हुए दिसंबर 2025 में केंद्रीय मंत्री और कुर्मी चेहरा पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - सावधान! Delhi Dehradun Expressway पर संभलकर, चलती गाड़ियों पर पत्थर मार रहे स्थानीय बच्चे
पिछले कुछ महीनों के दौरान दर्जनों बैठकों, अभियानों और मंथन के बावजूद प्रदेश संगठन पदाधिकारियों के नामों की घोषणा नहीं की गई थी। सूत्रों के अनुसार अब सभी विसंगतियां और असहमतियां दूर हो चुकी हैं और आज शाम नई टीम की घोषणा हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - बारापुला फेस-3 का काम लगभग पूरा, इसी साल दिवाली पर हो सकता है उद्घाटन
PDA की काट के लिए हो सकते हैं अहम बदलाव
माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के PDA की काट के लिए भाजपा इस बार संगठन में पिछली बार की तुलना में ज्यादा OBC और SC समाज के चेहरों को अवसर दे सकती है। इस बार संगठन में महिलाओं की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में प्रदेश भाजपा संगठन में सवर्णों की संख्या सीमित होने का नुकसान भी पार्टी को उठाना पड़ सकता है।
