Unnao Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ओवरटेक करने के चक्कर में एक बोलेरो (Bolero Crash) दो ट्रकों के बीच फंसकर बुरी तरह से पिचक गई और उसमें सवार लोग कुचल गए। इस रोड एक्सीडेंट में 3 महिलाओं सहित कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्नाव में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार एक बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए मंदिर जा रहा था। इस दौरान हाईवे पर ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बोलेरो कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता का ऐलान किया
इस हादसे में बोलेरो दोनों ट्रकों के बीच फंस गई और फिर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कुछ और लोगों ने दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।
दुर्घटना उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मौरावां गांव का एक परिवार बोलेरो गाड़ी से बक्सर गांव स्थित चंडी देवी मंदिर में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराने जा रहा था। हादसे के समय गाड़ी में कुल 10 लोग सवार थे।
एक्सीडेंट के बाद खाई में गिरी कार
जैसे ही बोलेरो सुमेरपुर पुल के पास पहुंची, ड्राइवर ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी बोलेरो से जा भिड़ा। दोनों ट्रकों के बीच फंसकर बोलेरो पूरी तरह पिचक गई और फिर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
यह सड़क हादसा इतना भीषण था कि कई लोगों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। तीन महिलाओं के शव बुरी हालत में गाड़ी के अंदर फंसे मिले। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा।
ड्राइवर सहित 6 लोगों की मौत
इलाज के दौरान बोलेरो ड्राइवर सहित कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई।
ये भी पढ़ें - चंडीगढ़ और जीरकपुर के जाम को गच्चा, Delhi to Manali का सफर सुहाना, देखें Ambala-Kurali Expressway की तस्वीरें
उन्नाव के डीएम घनश्याम मीणा ने बताया कि बोलेरो ओवरटेक कर रही थी, तभी पुल के पास हादसा हुआ और पीछे से आ रहा डंपर बोलेरो पर पलट गया। 10 लोग इसकी चपेट में आए, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी जा रही है। बता दें कि आज ही उन्नाव में एक चलती बस में भीषण आग भी लगी थी, जिसमें हादसे के समय 65 से ज्यादा लोग सवार थे। यात्रियों ने गाड़ी के शीशे तोड़े और कूदकर भाग गए।
