Ujjain Swine Flu News: मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में स्वाइन फ्लू से एक 60 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला का पिछले करीब 22 दिनों से इंदौर रोड स्थित अवंती अस्पताल में इलाज चल रहा था। 31 जुलाई को जांच रिपोर्ट में महिला के इंफ्लुएंजा-ए और H1N1 पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी।
उज्जैन में स्वाइन फ्लू से 60 वर्षीय महिला की मौत
22 दिनों से अस्पताल में चल रहा था इलाज
महिला की पहचान ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी सरोज पति नरेंद्र नगर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सरोज की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अवंती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 31 जुलाई को उनकी जांच रिपोर्ट आई, जिसमें इंफ्लुएंजा ए और इंफ्लुएंजा 2009 H1N1 की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका लगातार इलाज चल रहा था। करीब 22 दिनों तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद महिला की मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम ने कराया सर्वे
महिला के H1N1 पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम भी अलर्ट हो गईं। वार्ड नंबर 49 में महिला के घर के आसपास रहने वाले लोगों का सर्वे और स्वास्थ्य जांच कराई गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण नहीं मिले।
महिला की मौत को लेकर सीएमएचओ का अलग बयान
महिला की मौत के बाद मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बयान पर भी सवाल उठ रहे हैं। मृतका के परिजनों के पास महिला के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की रिपोर्ट मौजूद है। लेकिन सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल का कहना है कि महिला की मौत किस वजह से हुई, इसकी उन्हें फिलहाल जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मौत की वजह की पुष्टि इंदौर स्थित अस्पताल से कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग अब महिला की मेडिकल रिपोर्ट और अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर मौत के कारण की पुष्टि करने की बात कह रहा है।
