उज्जैन जिले के बड़नगर कस्बे में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक कार को हवा में लटकाकर विस्फोट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 जून की रात बड़नगर के आदन मोहल्ला क्षेत्र में निकाले गए मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान आयोजकों ने कथित तौर पर एक कार को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर हवा में लटका दिया और उसके भीतर रखे विस्फोटक पदार्थों में विस्फोट कर दिया।
उज्जैन में मुहर्रम जुलूस कार विस्फोट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कार हवा में लटकी हुई है और कुछ ही क्षण बाद उसमें जोरदार धमाका होता है। विस्फोट के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखाई देते हैं। कुछ वीडियो में धमाके से पहले दो लोगों को लाल झंडे लहराते हुए भी देखा गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - राम मंदिर दान चोरी मामले में दर्ज हुई पहली FIR, 8 लोगों के नाम शामिल, चंपत सहित ट्रस्टियों के नाम नहीं
विवाद उस समय और बढ़ गया जब यह जानकारी सामने आई कि विस्फोट से पहले कार पर "ले फिर आ गए" लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान शेर-ए-आदन अखाड़ा, बड़नगर के पोस्टर भी लगाए गए थे और कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे।
हिंदू जागरण मंच ने जताई आपत्ति
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उज्जैन के हिंदू जागरण मंच के नेता रितेश माहेश्वरी समेत कई सोशल मीडिया यूजर्स ने घटना पर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की। वहीं हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरि ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन किसी हिंसक कृत्य जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस प्रकार के आयोजन की अनुमति कैसे दी गई।
मामले को लेकर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जानकारी जुटाई गई है और प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जुलूस के आयोजकों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए अन्य वीडियो की भी जांच कर रही है, जिनमें मुहर्रम से जुड़े आयोजनों के दौरान इसी तरह के करतब और विस्फोटक प्रदर्शन दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कार में किया गया विस्फोट लाइसेंसी आतिशबाजी से हुआ था या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति ली गई थी या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
