Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी आईटी कंपनी की महिला मैनेजर के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी CEO जितेश सिसोदिया, उसके सहयोगी गौरव सिरोही और उसकी पत्नी शिल्पा को गिरफ्तार कर लिया है।
उदयपुर में महिला मैनेजर को नशा देकर किया गैंगरेप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब पीड़िता अपने बॉस की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गई थी। पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें शरीर पर चोट के निशान मिलने से प्राथमिक तौर पर गैंगरेप की पुष्टि हुई है। अदालत ने तीनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
नशे वाली सिगरेट देकर कार में दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, शनिवार रात पार्टी खत्म होने के बाद जब सभी मेहमान चले गए थे और वह वहां अकेली रह गई थी। तभी कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड शिल्पा ने उसे घर छोड़ने का भरोसा दिया और अपनी कार में बैठने के लिए कहा। पीड़िता ने बताया कि उस दौरान कार में शिल्पा का पति गौरव और सीईओ जितेश भी मौजूद थे। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने उसे सिगरेट जैसी कोई नशीली चीज दी, जिसके सेवन के बाद वह बेसुध हो गई।
अगली सुबह जब उसे होश आया, तो उसे अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया और वह पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को कार में लगे वेबकैम से कुछ महत्वपूर्ण ऑडियो साक्ष्य भी मिले हैं, जो जांच में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
4 दिन का रिमांड में आरोपी
पुलिस ने इस मामले को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया है। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर केस को और मजबूत हो गया है। इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के समय कंपनी की महिला अधिकारी भी वहां मौजूद थी, जिसे पुलिस ने सह-आरोपी बनाया है। फिलहाल, पुलिस कार के डिजिटल फुटप्रिंट्स और वेबकैम में रिकॉर्ड हुई आवाजों का बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत पेश किए जा सकें।
