Jalna Road Accident: महाराष्ट्र के जालना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं इसी मार्ग पर मजदूरी का काम करने जाती थीं और यह घटना से उस वक्त हुई जब महिलाएं सफाई का काम पूरा करने के बाद घर लौट रही थींं।
समृद्धि महामार्ग पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना
पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ पिकअप
पलिस ने बताया कि, यह दुर्घटना जालना जिले के कडवंची गांव के नजदीक समृद्धि महामार्ग पर हुई। मजदूरों को ले जा रहे एक छोटे हाथी पिकअप वाहन को तेज गति से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों का इलाज जारी
बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत जालना के जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के द्वारा मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मानी जा रही है। हादसे में सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल
मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीणा अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है। ये सभी जालना तहसील की निवासी हैं। फिलहाल आठवें मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, वहीं लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। इस दौरान जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया। बता दें कि, इससे पहले भी समृद्धि महामार्ग पर कई सड़क हादसे हुए हैं।
