शहर

लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा; घने कोहरे के चलते पलटा ऑटो रिक्शा, 3 मासूमों समेत चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

लखीमपुर खीरी में दुखद हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lakhimpur Kheri Road Accident: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। धौरहरा थाने के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सोनकर के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार देर रात हुई। हादसे में रसूलपुर गांव निवासी ऑटो रिक्शा चालक इसराइल (30) के साथ ऊंचगांव गांव के तालिब (5), खुशबू (12) और अजरा (2) की मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

घायलों में किस्मतून, सबिया, साकिया, अकील और निदा शामिल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, परिवार धौरहरा कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर ऑटो रिक्शा से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में घने कोहरे के कारण चालक पुलिया को समय रहते नहीं देख सका, जिससे ऑटोरिक्शा रेलिंग से टकरा गया और फिर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक इसराइल ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मिर्जापुर में भी हुआ भीषण सड़क हादसा

वहीं, मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा भटेवरा गांव में एक इंटर कॉलेज के सामने हुआ। पुलिस ने बताया कि गलत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद एक युवक सड़क पर गिर पड़ा, तभी पीछे से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विंध्याचल थाने के प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय के अनुसार, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक की पहचान किशोरी (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article