Delhi Traffic Advisory: पश्चिम एशिया तनाव के चलते देश के कई राज्यों में पेट्रोल और डीजल से जुड़ी कई बातें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में भी कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भीड़ इस हद तक बढ़ गई है कि हालातों को संभालने के लिए पुलिस को सामने आना पड़ रहा है। तेल को लेकर लोगों की बढ़ती चिंता से अफरातफरी जैसा माहौल होता जा रहा है। एक ओर जहां इस संकट से लोग परेशान हैं तो वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात प्रतिबंध लागू किया है, जिससे राजधानी के कुछ सड़कों पर गाड़ियों की नो एंट्री रहेगी। ऐसे में आइए जानें क्या है पूरा मामला?
दिल्ली में यातायात प्रतिबंध लागू (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली में सोनू निगम का कॉन्सर्ट
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर सोनू निगम के ’कॉन्सर्ट’ के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने शुक्रवार को एक यातायात परामर्श जारी किया है। इस ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, स्टेडियम में 28 मार्च को होने वाले ’सतरंगी रे’ संगीत कार्यक्रम के चलते मध्य और पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाए गए हैं।
इतने बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि, सोनू निगम का ’सतरंगी रे’ शो शाम चार बजे से लेकर रात 11 बजे तक आयोजित होगा। ऐसे में, दिल्ली के आईपी मार्ग, विकास मार्ग तथा राजघाट और आईपी डिपो के बीच रिंग रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। इसी के साथ दोपहर दो बजे से रात 10 बजे के बीच राजघाट से आईपी मार्ग की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
स्टेडियम में एंट्री के लिए होंगे ये रास्ते
बताया गया है कि, स्टेडियम में एंट्री के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। एडवाइजरी के मुताबिक, गेट संख्या 7 और 8 से प्रवेश करने वालों को वेलोड्रोम रोड का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, रिंग रोड पर मौजूदा गेट संख्या 16, 18, 21 और 22 तक पहुंचने के लिए एमजीएम रोड से होकर जाने की सलाह दी गई है।
पार्किंग की ऐसी रहेगी व्यवस्था
अधिकारियों ने कहा कि आयोजन स्थल के पास पार्किंग की सुविधा सिर्फ उन्हीं गाड़ियों के लिए होगी, जिन पर वैध पार्किंग लेबल लगा होगा। परामर्श में निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में प्रवेश के लिए एमजीएम रोड का इस्तेमाल करने को कहा गया है। यातायात परामर्श के अनुसार, राजघाट से आईपी फ्लाईओवर के बीच रिंग रोड के दोनों ओर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
