CM Yogi Noida Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज यानी शनिवार को नोएडा दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने खास ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने आम वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इसके अलावा दिल्ली सीमा के चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज रूट से गौतमबुद्ध नगर में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश भी सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक बंद रहेगा।
सीएम योगी नोएडा दौरा आज, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी
ये वैकल्पिक मार्ग किए गए निर्धारित
चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहन जो नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाना चाहते हैं, वे चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर एनएच-9/24 के रास्ते एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं डीएनडी बॉर्डर से गुजरने वाले वाहन डीएनडी टोल प्लाजा पर यू-टर्न लेकर एनएच-9/24, फिर एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से आगे जा सकेंगे। इसके साथ ही कालिंदी कुंज मार्ग से जाने वाले वाहन एनएच-9/24 का उपयोग करते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और एनएच-91 के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात डायवर्जन लागू
यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई है। आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले ही यू-टर्न लेकर अलीगढ़ की दिशा में भेजा जाएगा। यदि यातायात का दबाव अधिक होता है तो वाहनों को जेवर से जहांगीरपुर की ओर डायवर्ट करते हुए खुर्जा, सिकंदराबाद और बुलंदशहर के रास्ते आगे निकाला जाएगा। वहीं, परीचौक से आगरा जाने वाले वाहन एल्डिको कमर्शियल गोलचक्कर, मेट्रो डिपो गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर तक पहुंचेंगे और वहां से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा, नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भी अगर अधिक दबाव बनता है तो वाहनों को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल सेक्टर-10 तक पहुंचने के लिए मार्ग
कार्यक्रम स्थल सेक्टर-10 यीडा तक पहुंचने के लिए मार्ग की बात करें तो दनकौर और रौनीजा/गौर सिटी की ओर से आने वाले वाहन भाइपूरा चौराहे पर बाएं मुड़कर रघुपुरा कस्बे से होकर काकी तिराहे पर दाहिने जाएंगे। इसके बाद रघुपुरा बाईपास रोड होते हुए बीकानेर मिठास भंडार के पास बाएं मुड़कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे। वहीं, कस्बा जेवर की ओर से आने वाले वाहन टील के रास्ते यमुना एक्सप्रेस-वे पर चढ़ेंगे और फलेदा कट (27 किमी) पर उतरकर दाहिने मुड़ेंगे। इसके बाद फलेदा अंडरपास से होते हुए डबल सर्विस रोड के जरिए भाइपूरा चौराहा पहुंचेंगे और वहां से बाएं मुड़कर रघुपुरा होते हुए गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
सेक्टर-8 यीडा में आयोजित कार्यक्रम के लिए यातायात रूट
वहीं सेक्टर-8 यीडा में आयोजित कार्यक्रम के लिए यातायात रूट पर जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि कच्चा जेवर से आने वाले वाहन खुर्जा अंडरपास से होकर जेवर-जहांगीरपुर-खुर्जा मार्ग का इस्तेमाल करते हुए परौही रोड के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। वहीं, दनकौर और रबूपुरा से आने वाले वाहन रबूपुरा से झाझर रोड होते हुए आकलपुर पहुंचेंगे और वहां से मौकनपुर में नहर की पटरी के रास्ते गंतव्य तक जाएंगे।पार्किंग की क्या है व्यवस्था?
पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार निर्धारित की गई है:
सेक्टर-10 यीडा: वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मंच के पीछे की जाएगी, जबकि विशिष्ट अतिथियों के वाहन वीवीआईपी पार्किंग के बाईं ओर सर्विस रोड पर खड़े होंगे। मीडिया और बसों के लिए पार्किंग टीआई पार्किंग के बराबर स्थित सर्विस रोड पर तय की गई है। वहीं, कर्मचारियों और पुलिस वाहनों की पार्किंग पी-2, पी-3 और पी-4 क्षेत्रों के आसपास रहेगी।
सेक्टर-8 यीडा: वीवीआईपी पार्किंग मंच के बाईं ओर होगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड के वाहनों की पार्किंग मंच के बाईं ओर परांठी रोड के किनारे निर्धारित की गई है, जबकि सामान्य वाहनों की पार्किंग भी परांठी रोड के बाईं ओर ही रहेगी।
अपोलो अस्पताल सेक्टर-86, नोएडा: वीवीआईपी पायलट वाहनों की पार्किंग नोएडा विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय सेक्टर-96 में रहेगी। अतिविशिष्ट अतिथियों के वाहन महामाया बालिका इंटर कॉलेज के गेट नंबर-4 के अंदर पार्क किए जाएंगे, जबकि सामान्य और पुलिस वाहनों की पार्किंग स्क्वायर मॉल सेक्टर-80 में निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने कहा है कि सीएम योगी के कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन वाहनों को सुगम पास कराया जाएगा। जनता से कहा गया है कि असुविधा होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।
