Kunal Ghosh Car Attack: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हिंसक घटनाओं को लेकर घमासान छिड़ गया है। ममता बनर्जी खेमे से जुड़े तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ विधायक कुणाल घोष ने गंभीर आरोप लगाया है कि महज दो दिनों के भीतर उन पर दो बार जानलेवा हमले किए गए हैं। रविवार को पूर्वी कोलकाता के बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में जाते समय अज्ञात हमलावरों ने उनकी चलती कार को अचानक निशाना बना लिया।
कार पर हमले के बाद भड़के TMC विधायक पहुंचे थाने
कुणाल घोष के मुताबिक, नारकेलडांगा इलाके के पास मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने हथौड़ों से मारकर उनकी कार के आगे का शीशा पूरी तरह तोड़ दिया। दहशत का माहौल तब और बढ़ गया जब एक हमलावर ने उनके सुरक्षाकर्मियों पर बंदूक तान दी। सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी की वजह से गाड़ी को किसी तरह वहां से निकाला गया और पास के पुलिस थाने पहुंचाया गया।
रिवॉल्वर लहराते हुए मुझे कार से बाहर खींचने की कोशिश की-कुणाल घोष
TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा, "आज एक बार फिर मेरी हत्या की कोशिश की गई। यह सिर्फ भगवान की कृपा है कि मैं अभी जिंदा हूं। कोलकाता जैसे शहर में रविवार को दिनदहाड़े, विधायक के तौर पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, तभी मुझ पर हमला किया गया। उन्होंने आगे कहा, "हमलावर हथियारों से लैस थे। उन्होंने मेरी कार का शीशा तोड़ दिया और रिवॉल्वर लहराते हुए मुझे कार से बाहर खींचने की कोशिश की। मेरे सुरक्षाकर्मियों को अपनी बंदूकें निकालनी पड़ीं। सुरक्षा के लिए मैं फिलहाल नारकेलडांगा थाने में शरण लिए हुए हूं और औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।"
कुणाल घोष ने आरोप लगाते हुए कहा, "इसमें बीजेपी निश्चित तौर पर शामिल है और पुलिस निष्क्रिय है। अब देखना होगा कि इसमें और कौन-कौन शामिल है। वे क्या चाहते हैं? क्या वे मेरी लाश चाहते हैं? जब तक मैं जिंदा हूं, वे मुझे अपना रुख बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: VIDEO: दिल्ली CM रेखा गुप्ता के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को सरेराह जड़ा थप्पड़, केजरीवाल बोले-करो गिरफ्तार
ममता बनर्जी की सभा में शामिल जा रहे थे कुनाल घोष
इस खौफनाक घटना से ठीक एक दिन पहले शनिवार को भी हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में उन पर हमला किया गया था। उस समय वे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे, जब उपद्रवियों ने उनकी कार पर पत्थर और अंडे फेंके थे। लगातार दूसरे दिन हुए इस हमले के बाद मीडिया के सामने कार के टूटे कांच के टुकड़े दिखाते हुए कुणाल घोष काफी भड़के हुए नजर आए। उन्होंने सीधा आरोप लगाते हुए कहा, "कल उत्तरपाड़ा में मुझ पर हमला किया गया था और आज वे सीधे मेरी हत्या करने के इरादे से आए थे।"
घटना के तुरंत बाद कुणाल घोष शिकायत दर्ज कराने कोलकाता स्थित पुलिस मुख्यालय भवानी भवन पहुंचे थे, लेकिन अनुमति न मिलने पर उन्होंने संबंधित थाने में लिखित मामला दर्ज कराया। विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ दल के गुंडों के आगे पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। दूसरी तरफ, भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती और पार्टी प्रवक्ता देबजीत सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। भाजपा का कहना है कि कुणाल घोष मीडिया में पब्लिसिटी पाने के लिए खुद नाटक रच रहे हैं और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को उकसाकर ये हमले करवा रहे हैं।
