Ayodhya Ram Mandir Donation Case: अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुरवा, उन्नाव से बीजेपी विधायक का अनिल सिंह का बयान वायरल हो रहा है। अनिल सिंह ने कहा कि जिन्होंने मंदिर में चोरी की है उन्हें सीधे कैंसर हो जाएगा, भगवान की तरफ से सजाए मौत सुनाई जाएगी। विधायक ने कहा, एक साल बाद देखना उन्हें कैंसर की बीमारी हो जाएगी। बीजेपी विधायक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया।
प्रभु राम तो ऐसा दंड देंगे कि...
विधायक अनिल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और ऐसा दंड देगी उनकी सात पुस्ते याद करेंगी। मंदिर में चोरी करने का क्या अंजाम उन्हें भुगतना पड़ेगा जो कि इतिहास में उनके बच्चे और परिवार के लोग भी याद करेंगे। प्रभु राम तो ऐसा दंड देंगे कि कुड़ कुड़ के मरेंगे।
विधायक ने कहा, समाजवादी पार्टी के लोग चुट्टे चोर, जमीन हड़प लेना, राशन बेच लेना, गरीबों का हक छीन लेना, गरीबों का अन्न छीन लेना काम है। आज राम का नाम लेने के लिए अखिलेश यादव भी मजबूर हो गए, बिना राम के नाम उनका काम नहीं चल रहा है।
चंपत राय के बयान दर्ज
बता दें कि पुलिस अधिकारियों ने स्वीकार किया कि चंपत राय का बयान दर्ज किया गया है, लेकिन पूछताछ कब, कहां और कितनी देर तक चली, इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की। सूत्रों के मुताबिक, जांच का नेतृत्व कर रहे अयोध्या के क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष तिवारी ने कारसेवकपुरम स्थित चंपत राय के 'भारत कुटी' आवास पर पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने चंपत राय से कथित गबन से जुड़ी जानकारी और संबंधित दस्तावेज मांगे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ट्रस्ट को इस कथित अनियमितता की जानकारी कब मिली और इसके बाद क्या कार्रवाई की गई। चंपत राय से इस बारे में तब पूछताछ की गई है, जब कुछ दिन पहले ही चंपत राय ने इस विवाद की 'नैतिक जिम्मेदारी' लेते हुए अपना इस्तीफा सौंपा था।
दावा यह भी किया जा रहा है कि ट्रस्ट को 7 जून से पहले ही कथित गड़बड़ी की जानकारी मिल गई थी। हालांकि, इस मामले में प्राथमिकी 25 जून को दर्ज की गई। इसी बीच पांच जून का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी अविनाश शुक्ला के घर से कथित तौर पर दान की राशि से भरा बैग बरामद होने का दावा किया गया था।
