शहर

Thane News: 15–16 घंटे की मजदूरी, बीमारी में भी नहीं दी छुट्टी; मजदूर का दो फैक्टरी मालिकों पर आरोप, FIR दर्ज

ठाणे में दो फैक्टरी मालिकों के खिलाफ बंधुआ मजदूरी, मानव तस्करी और मजदूरों के शोषण का मामला दर्ज किया गया है। एक मजदूर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज की है। इन फैक्टरी मालिको पर आरोप है कि इन्होंने मजदूरों से 15–16 घंटे काम कराया गया, उन्हें पर्याप्त भोजन और पूरा वेतन भी नहीं दिया। पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है।

Image

फाइल फोटो

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में खाद्य सामग्री बनाने वाली इकाइयों के दो मालिकों के खिलाफ मजदूरों को बंधक बनाने, उनसे हर दिन घंटों अतिरिक्त काम कराने और पर्याप्त भोजन एवं वेतन न देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले 40 वर्षीय एक मजदूर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

फैक्टरी मालिकों पर इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि अंबरनाथ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 143(तीन) (मानव तस्करी), 127(चार) (गलत तरीके से कैद करना), 115(दो) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और अन्य संबंधित प्रावधानों के साथ-साथ बंधुआ मजदूरी प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम, 1976 के प्रावधानों के तहत शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी निक्की उर्फ कृष्ण कुमार अग्रहरि और नितिन तिवारी शहर के लादी नाका और भेंडीपाडा इलाकों में खाद्य इकाइयां संचालित करते हैं।

बीमार होने पर भी काम कराने का आरोप

अधिकारी ने कहा, "आरोपियों ने शिकायतकर्ता और 10 अन्य मजदूरों को रोजाना 15 से 16 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया। उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं दिया गया और बीमार होने पर भी काम करने के लिए मजबूर किया गया।" अधिकारी ने कहा, "शिकायतकर्ता का आरोप है कि अपना बकाया मांगने पर उन्हें धमकाया गया, अपमानित किया गया, बंधक बनाया गया और प्रताड़ित किया गया।" पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article