नीट पेपर लीक को लेकर बिहार में हुए छात्र आंदोलन में शामिल हुए युवाओं और छात्रों के लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने पर हालिया छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए,एफआईआर का सामना करने वाले और जेल जाने वाले छात्रों एवं युवाओं को सरकारी नौकरी और पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था जेपी आंदोलन के सेनानियों की तर्ज पर लागू की जाएगी।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर कसा तंज।
नितिन नबीन पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने कहा कि चंदा चोर,वोट चोर वालों को जनता सबक सिखाएगी। नितिन नबीन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बस नाम के हैं। उन्हें दिल्ली में एक बंगला सुरक्षा और दफ्तर दे दिया गया है। इसके बाद नंबर एक और दो जो बोले उसपर अंगूठा लगाते रहो। उन्होंने कहा कि ये अपने पसंद का केंडिडेट तक नहीं दे सकते।
सम्राट चौधरी को बताया अनुभवहीन सीएम
इस दौरान उन्होंने बिहार सीएम सम्राट चौधरी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को अनुभव नहीं है। उनका इतिहास देखें तो उनपर कई मुकदमे दर्ज हैं। ये पुलिस वालों को भी गुंडा बना कर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में कुछ काम नहीं हुआ है। अगर कुछ हुआ है तो बस ये कि फर्जी एनकाउंटर कराया गया है, घोटाले हुए हैं और अब ये लोग छात्रों को आतंकवादी कह रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस राज को पुलिसिया गुंडाराज नहीं होने देंगे। उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा एके-47 दिखाने को लेकर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने इसकी ज्यूडीसिरी इंक्वायरी की भी मांग की।
'शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज गलत'
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार ने उन छात्रों पर लाठीचार्ज कराया जो शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे थे और अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दमन और पुलिसिया कार्रवाई का सामना करने वाले इन युवाओं के साथ न्याय किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों को लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाला योद्धा करार दिया।
'निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना होगी हमारी प्राथमिकता'
इस दौरान आरजेडी नेता ने यह भी कहा कि निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे निष्पक्ष,सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली,भ्रष्टाचार के खात्मे तथा नौकरी-रोजगार के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ हर कदम पर हर दम खड़े रहेंगे।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब परीक्षा प्रणाली और छात्र आंदोलनों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। उनके इस ऐलान को आगामी चुनावों से पहले युवाओं को साधने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
