शहर

सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या में बैक टू बैक गिरफ्तारी, बनारस से एक और आरोपी गिरफ्तार, गाजीपुर से निकला कनेक्शन

जानकारी के मुताबिक CBI की टीम ने विनय राय उर्फ पमपम को हिरासत में लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद CBI टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लेकर गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) की हत्या मामले में CBI को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने वाराणसी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक CBI की टीम ने विनय राय उर्फ पमपम को हिरासत में लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद CBI टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लेकर गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, इस सनसनीखेज हत्याकांड में पूर्वांचल के कई शूटरों के नाम सामने आए थे। मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब विनय राय की गिरफ्तारी को जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। CBI फिलहाल हत्या की साजिश, शूटरों के नेटवर्क और पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार हुआ था एक और आरोपी

इससे पहले सोमवार को भी एक आरोपी गिरफ्तार किया गया। चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी के ख़िलाफ़ बलिया जिले में तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस के मुताबिक केंद्रीय अधिवेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को मुजफ्फरनगर से बलिया निवासी राज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार राज कुमार (25) के खिलाफ बलिया जिले में तीन मुकदमे दर्ज हैं। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के रतोपुर गांव निवासी राज कुमार सिंह के खिलाफ रसड़ा थाने में दो और गड़वार थाने में एक मामला दर्ज है। इनमें से दो मामलों में पुलिस आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। उन्होंने बताया कि राज कुमार पहले मुंबई में ओएनजीसी में नौकरी करता था। नौकरी छोड़कर गांव लौटा और यहां ड्राइवर का काम करने लगा। वह विदेश जाना चाहता था, लेकिन मुकदमे के कारण पासपोर्ट नहीं बन सका।

सीओ के मुताबिक, थाने में उसकी छवि बड़े अपराधी की नहीं है। वह मनमौजी किस्म का युवक है और मारपीट के मामलों में शामिल रहा है। गांव में उसकी आवाजाही कम थी। राज कुमार के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह सीबीआई का फोन आया था। सीबीआई ने बताया कि राज कुमार को चंद्रनाथ रथ की हत्या में मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई टीम गांव आई थी और पूछताछ कर मोबाइल चेक किया था।

पिता ने कहा कि राज कुमार बीए प्रथम वर्ष पास है। उनके अनुसार, वह पश्चिम बंगाल गया या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है और वहां कोई रिश्तेदारी भी नहीं है। सिंह ने कहा कि हत्या के दिन राज कुमार कहां था, यह भी उन्हें नहीं पता। उन्होंने कहा, "सीबीआई जांच कर रही है, भरोसा है कि सच सामने आएगा। गौरतलब है कि इससे पहले बलिया कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर निवासी राज सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। वह चिलकहर ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। राज कुमार का गांव भी चिलकहर के पास ही है। एक के बाद एक गिरफ्तारी से जिले में चर्चाओं का दौर गर्म है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article