Siwan Firing News: बिहार के सीवान जिले में सोमवार सुबह आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख प्रतिभा गिरी के पति और शिक्षक किशोर कुमार गिरी पर जानलेवा हमला हुआ। बाइक सवार हमलावरों ने उनपर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि गोली किशोर गिरी के सिर के पास लगी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना के PMCH रेफर कर दिया।
सीवान में पूर्व प्रखंड प्रमुख के पति को बदमाशों ने मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, यह घटना आंदर थाना क्षेत्र के शिवरी गांव में हुई। किशोर गिरि को उनके घर के पास ही निशाना बनाया गया। गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस फिलहाल गोली मारने की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोर गिरि को किस वजह से निशाना बनाया गया और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। हमलावरों की तलाश जारी है।
