बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां सदर अस्पताल से इलाज के दौरान एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी की सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मी अस्पताल में तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद वह कैदी वार्ड से भागने में कामयाब हो गया। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
सीतामढ़ी सदर अस्पताल से बंदी फरार, तलाश जारी
एनकाउंटर के बाद अस्पताल में था भर्ती
फरार बंदी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के रहने वाले अमृत साह के पुत्र फेकन कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 24 जून को पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
पुलिस को निगरानी से बचकर कैदी फरार
न्यायिक हिरासत के तहत सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में उसका इलाज जारी था। उसकी निगरानी के लिए चार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। मंगलवार को इलाज के दौरान फेकन कुमार पुलिस की निगरानी से बचकर अस्पताल से फरार हो गया। कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही नगर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे अस्पताल परिसर की तलाशी शुरू की गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास की लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैदी किस रास्ते से फरार हुआ है और इस साजिश में उसके कौन-कौन से मददगार शामिल थे। फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
चार पुलिसकर्मी निलंबित
घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने बंदी की सुरक्षा में तैनात चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और फरार आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
