MP News: भाजपा MLA की कार को फायर ब्रिगेड की गाड़ी से धोने का Video वायरल, कांग्रेस ने उठाए सवाल मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में भाजपा विधायक रामनिवास शाह की कार को फायर ब्रिगेड की गाड़ी से धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इसने राजनीतिक विवाद का रूप भी ले लिया है। वीडियो में विधायक के सरकारी आवास के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी खड़ी दिखाई दे रही है। तीन कर्मचारी फायर ब्रिडेग की गाड़ी के पाइप से विधायक की इनोवा कार धोते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद सरकारी संसाधनों के निजी इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक रामनिवास शाह के सरकारी आवास के बाहर का है। हालांकि, वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की गाड़ी का इस्तेमाल कार धोने के लिए किया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विधायक या संबंधित प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी भी फिलहाल नहीं है।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा पर सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बीजेपी नेता सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
पीसी शर्मा ने इसे भाजपा नेताओं के कथित अहंकार से जोड़ते हुए कहा कि अगर कार धोनी थी तो इसके लिए अन्य जगहों का इस्तेमाल किया जा सकता था। उन्होंने सरकारी मशीनरी के इस तरह के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए।
सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल पर भी छिड़ी बहस
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों आग बुझाने और आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए होती हैं। ऐसे में वायरल वीडियो ने सरकारी वाहनों और पानी के निजी उपयोग को लेकर बहस छेड़ दी है। अब इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी जांच या कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
आरोपी विधायक का क्या है कहना
इस मामले में भाजपा विधायक रामनिवास शाह का कहना है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी नगर निगम अध्यक्ष और महापौर के यहां पानी डालने आई थी, क्योंकि उनका पंप खराब हो गया था, गाड़ी पड़ोस में ही खड़ी थी इसलिए मेरे ड्राइवर ने बोला कि थोड़ा पानी डाल दो, मैंने इसे लेकर ड्राइवर को डांटा है।
ये भी पढ़ें - Bombay High Court पहुंचा मुंबई सहित महाराष्ट्र में ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों के मराठी भाषा के नियम का मामला
कर्नल सोफिया मामले में क्या बोले पीसी शर्मा
पीसी शर्मा ने भाजपा नेता विजय शाह के खिलाफ केस चलाने की अनुमति नही दिए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि यह पहले से जानकारी में आ गया था कि अनुमति नहीं देंगे। कैबिनेट में इस मुद्दे को लेकर आना सिर्फ दिखावा है। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि 30 तारीख को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले में न्याय मिलेगा। पीसी शर्मा ने कहा, कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताना देशद्रोह है और इसकी सजा उसी दिन मिलनी चाहिए थी।
ये भी पढ़ें - Gurugram News: हर बारिश में क्यों डूब जाता है गुरुग्राम? केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने CM सैनी से मिलकर दिए सुझाव
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी हर रोज प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ऑपरेशन का अपडेट मीडिया के सामने रखती थीं।
