Sikkim Tunnel Collapse Update: दक्षिण सिक्किम के नामची जिले में नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (NHPC) के निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरंग में हुए दर्दनाक हादसे के बाद तीसरे दिन भी राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, सुरंग से अब तक 22 मृतकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रशासन और विशेषज्ञ टीमों की प्राथमिकता अब सुरंग में फंसे अन्य लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की है।
ECL की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी
आसनसोल से पहुंची ECL की स्पेशल टीम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार रात करीब 10:00 बजे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL), आसनसोल से एक दूसरी विशेष बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस टीम ने पहुंचते ही तुरंत मोर्चा संभाल लिया और जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गई। नामची जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) सोनम डोल्मा के अनुसार, अब तक कुल 22 शव निकाले जा चुके हैं, जिनमें से 9 शव बुधवार रात को बरामद किए गए। फिलहाल सुरंग के भीतर फंसे कम से कम 3 अन्य लोगों की तलाश में खोज अभियान लगातार जारी है।
निरीक्षण के दौरान हुआ था भीषण धमाका
बता दें कि यह भयानक हादसा सोमवार दोपहर तीस्ता नदी पर बन रही इस 7 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। हादसे के समय NHPC और प्रोजेक्ट डेवलपर 'पटेल इंजीनियरिंग' के उच्च अधिकारी व तकनीकी कर्मचारी सुरंग के भीतर रूटीन इंस्पेक्शन पर थे। शुरुआती रिपोर्ट्स और अधिकारियों के अनुसार, सुरंग के भीतर मीथेन गैस का रिसाव होने या गैस पॉकेट के संपर्क में आने से एक जोरदार विस्फोट (Blast) हुआ, जिसके कारण सुरंग का एक हिस्सा ढह गया और चारों तरफ जहरीला धुआं फैल गया।
हादसे के बाद से ही NDRF, SDRF, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और खनन विशेषज्ञों की संयुक्त टीमें बचाव अभियान में लगी हुई हैं। सिक्किम राज्य सरकार, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर बनाए हुए हैं। राज्य सरकार की ओर से बचाव दलों को हर संभव तकनीकी सहायता और प्रभावित परिवारों को सहायता राशि व राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
