Meerut Police Encounter: यूपी के मेरठ जिले में पुलिस की लगातार कड़ी कार्रवाई का असर दिखा। एक ही रात में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के दौरान गौकशी के मामलों में वांछित सात आरोपियों को धर दबोचा गया। इनमें से तीन बदमाशों को गोली लगी, जबकि दो के पैरों में फ्रैक्चर हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों से तमंचे और कारतूस के साथ-साथ गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार, एक जिंदा बैल, एक जिंदा बछिया और बिना नंबर की एक स्कूटी भी बरामद की है।
मेरठ में ट्रिपल एनकाउंटर
पहला एनकाउंटर
पहली मुठभेड़ थाना सरूरपुर क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने सबदर पुत्र असगर (उम्र 25 वर्ष) को घायल हालत में पकड़ा। मूल रूप से वह मुजफ्फरनगर का निवासी है और कुछ समय से सरूरपुर इलाके में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जीवित कारतूस मिले। सबदर के खिलाफ गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।
दूसरा एनकाउंटर
दूसरी मुठभेड़ थाना मवाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने सादिक उर्फ अटल पुत्र अमीर अहमद (उम्र 30 वर्ष) को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक जिंदा बछिया मिली। सादिक के खिलाफ लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर, NDPS और गोवध अधिनियम से जुड़े कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
तीसरा एनकाउंटर
तीसरी मुठभेड़ टीपी नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने गौकशी में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान मुशरा उर्फ़ बावला, अशरफ और जावेद उर्फ बब्लू घायल हो गए, जबकि मेहरबान और अल्लाउद्दीन को भी पकड़ा गया। पुलिस ने कार्रवाई में .315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखे कारतूस, गौकशी में इस्तेमाल हुआ औजार, टाट के बोरे, लकड़ी का गुटखा, रस्सियां, एक काला जिंदा बैल और बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने तीनों मुठभेड़ों और बरामदगी की जानकारी की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराध और गौकशी में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
