कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा व मध्य प्रदेश के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। उनके देहांत की खबर सामने आते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच गहरा शोक छा गया है। गुजरात से ताल्लुक रखने वाले और स्वर्गीय अहमद पटेल के करीबी माने जाने वाले दीपक बाबरिया लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया का निधन
2024 में प्रभारी पद से दिया था इस्तीफा
दीपक बाबरिया लंबे समय तक कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे को मजबूती देने में जुटे रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश और हरियाणा जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में पार्टी प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। अक्टूबर 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए आलाकमान को प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने कहा था कि मैंने आलाकमान से कहा कि मेरी जगह किसी और को जिम्मेदारी सौंप दी जाए। मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है और नतीजों के मद्देनजर यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी भी है। मैंने इसका फैसला पूरी तरह से हाईकमान पर छोड़ दिया है।कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक
दीपक बाबरिया के निधन पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक जताया है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि "वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व महासचिव श्री दीपक बाबरिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। संगठन के प्रति उनका समर्पण और पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। इस कठिन समय में उनके परिजनों, साथियों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दीपक जी को भावभीनी श्रद्धांजलि और नमन।" रणदीप सुरजेवाला ने शोक जताते हुए लिखा कि दीपक बाबरिया जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि। दुख की इस घड़ी में हम सभी शोक-संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
संगठन में रहा उल्लेखनीय योगदान
गुजरात कांग्रेस से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले दीपक बाबरिया ने राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दीं। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के माध्यम से राज्यों के चुनाव प्रबंधन और गुटबाजी को दूर कर कैडर को जोड़ने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
