महाराष्ट्र के लातूर में सरकारी स्कूल में कथित तौर पर घुसकर हंगामा करने और शैक्षणिक काम में बाधा डालने के आरोप में अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे समेत चार-पांच लोगों के खिलाफ औसा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिक्षकों की शिकायत के मुताबिक, 20 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ कुछ लोग स्कूल परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से अलग-अलग सवाल पूछे और करीब डेढ़ से दो घंटे तक स्कूल परिसर में मौजूद रहे।
अभिजीत दिपके
कक्षाओं में बिना अनुमति प्रवेश का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल और कक्षाओं में बिना अनुमति प्रवेश किया गया और फोटो भी खींचे गए। स्कूल में दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को बैठाए जाने के मुद्दे को लेकर शिक्षकों के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ। शिक्षकों का आरोप है कि इस दौरान अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और निलंबित कराने की धमकी भी दी गई। शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम से स्कूल के शैक्षणिक कामकाज में बाधा पहुंची।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'मुद्दा अब सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं, मांग सीधे मदन दिलावर के इस्तीफे की होगी', रांका बोले-हम डरने वाले नहीं
अभिजीत दिपके समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
मामले में अभिजीत दिपके समेत पांच लोगों के खिलाफ औसा पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।हालांकि, अभिजीत दिपके और उनके साथ मौजूद लोगों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और साफ होगी। लातूर के सरकारी स्कूल से जुड़ा यह विवाद अब पुलिस तक पहुंच चुका है। सवाल यह है कि स्कूल परिसर में आखिर हुआ क्या था? पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।
