Dhanbad Police Exam Fraud Network Bust: धनबाद पुलिस को झारखंड पुलिस मुख्यालय के एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 29 नवंबर को झरिया थाना क्षेत्र के घनुवाडीह पुल के पास एक संदिग्ध कार की जांच के दौरान पता चला कि वाहन में सवार लोग पश्चिम बंगाल में होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने की साजिश में शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक संगठित रैकेट झरिया के एक लॉज में बंगाल से आए अभ्यर्थियों को रखकर उन्हें प्रश्नपत्र और उत्तर याद करवाने का काम कर रहा था।
धनबाद में बड़े एग्जाम फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश
यहां पर हुई छापेमारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरिया में स्थित बंधन लॉज पर तुरंत छापेमारी की, जिससे फर्जीवाड़ा करने वाले पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ। मौके पर भारी संख्या में प्रवेश पत्र, नोट्स, रजिस्टर, मोबाइल फोन, कलाई घड़ियां, अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए। रैकेट के सदस्य इन सभी दस्तावेजों का इस्तेमाल परीक्षा को प्रभावित करने के लिए करने वाले थे।
सभी पहलुओं से जांच जारी
कार्रवाई के दौरान कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अधिकतर पश्चिम बंगाल के नदिया, राणाघाट, चाकदाहा और हसखली क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी धनबाद का भी है। पुलिस जांच में यह पता चला कि यह गिरोह कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में धोखाधड़ी के जरिए सफलता दिलाने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहा था। धनबाद पुलिस के अनुसार, यह पूरे नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई है और इस फर्जीवाड़े से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।
