Sahibganj News: झारखंड में 92 वर्षीय दिव्यांग खलील अंसारी इस लोकसभा चुनाव में पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इससे पहले उन्होंने कभी वोट नहीं डाला है। वजह काफी हैरान करने वाला है। एक अधिकारी ने बताया कि झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने शुक्रवार को साहिबगंज जिले के निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अंसारी का नाम तत्काल प्रभाव से मतदाता सूची में दर्ज करें।
फाइल फोटो।
निर्वाचन अधिकारी ने क्षेत्र का दौरा किया
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार शुक्रवार को साहिबगंज में थे और उन्होंने प्रदेश की राजधानी रांची से लगभग 450 किलोमीटर दूर जिले के मुंडरो ब्लॉक में मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कई गांवों का दौरा किया और वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक रूप से विकलांग मतदाताओं से मुलाकात की।
मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है
इस दौरान उन्होंने अंसारी से पूछा कि क्या वह एक पंजीकृत मतदाता हैं। अंसारी ने कुमार से कहा, 'मैंने कभी अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया, क्योंकि मेरा नाम मतदाता सूची में नहीं है।' इसके बाद उन्होंने तुरंत निर्देश दिया कि उनका वोटर आईडी कार्ड बनवाया जाए।
पहली बार डालेंगे वोट
बता दें कि बड़खोरी गांव के निवासी अंसारी राजमहल संसदीय क्षेत्र के निवासी हैं, जहां एक जून को मतदान होगा। कुमार ने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करने का निर्देश दिया। अंसारी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार मैं निश्चित रूप से मतदान करूंगा।
