Ranchi News: होली की वजह से सभी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के बावजूद यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। ऐसे में दक्षिण पूर्व रेलवे ने तय किया है कि जिन ट्रेनों में भीड़ अधिक रहेगी और वेटिंग लिस्ट लंबी होगी, उसमें अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। विशेषकर बिहार जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने हैं। रेलवे के मुताबिक बिहार जाने वाली हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इसके अलावा हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को सात मार्च तक अस्थाई रूप से चिचाकी स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस सुबह 10:12 बजे और पूर्णिया-हटिया एक्सप्रेस शाम 4:17 बजे चिचाकी स्टेशन पर पहुंचेगी। हटिया-गोरखपुर-हटिया एक्सप्रेस का भी ठहराव जामताड़ा स्टेशन पर दिया गया है। हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस रात 11:55 बजे जामताड़ा स्टेशन पर पहुंचेगी। यह ठहराव अगले आदेश तक लागू रहेगा।
