Mahant Nritya Gopal Das: महंत नृत्य गोपाल दास, जो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं, को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया है। उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) होने की पुष्टि के बाद इलाज दिया जा रहा है। मेडांता अस्पताल द्वारा बुधवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, 89 वर्षीय महंत दास को 29 जून की दोपहर लगभग 1:30 बजे बेहोशी की हालत में इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था।
महंत नृत्य गोपाल दास (फाइल फोटो- ट्विटर)
यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन से पीड़ित हैं महंत नृत्य गोपाल दास
प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने पाया कि वे यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन से पीड़ित हैं। इसके बाद उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया गया, जहां क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के अनुसार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
ट्रस्ट की अगली बैठक 6 जुलाई को
गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और उससे जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए किया गया था। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास हैं। ट्रस्ट की अगली महत्वपूर्ण बैठक 6 जुलाई को प्रस्तावित है, जिसमें राम मंदिर में दान राशि से जुड़े विवाद के बाद ट्रस्टी चंपक राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों के बाद उत्पन्न स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठकों में वर्चुअल माध्यम से शामिल होना
सूत्रों के अनुसार, बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण महंत नृत्य गोपाल दास पहले भी ट्रस्ट की कुछ बैठकों में वर्चुअल माध्यम से शामिल होते रहे हैं। ऐसे में, उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए 6 जुलाई को होने वाली इस अहम बैठक में उनकी मौजूदगी को लेकर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण : SIT जांच के लिए मिला और समय, 15 जुलाई तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
वहीं राम मंदिर चंदा विवाद दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। इस मामले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण की जांच गठित SIT के द्वारा की जा रही है।
