Noida News: कल यानी शुक्रवार 28 अगस्त को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं अपने भाईयों की कलाई पर रक्षा का धागा बांधती हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर कई बहने अपने भाईयों से मिलने और उन्हें रक्षा का धागा बांधने के लिए बसों से सफर करती हैं। रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा, Greater Noida और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित 100 ई-बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है।
आज से ही मुफ्त बस यात्रा का लाभ ले सकती हैं महिलाएं
महिलाएं तीनों शहरों की ई-बसों में मुफ्त में सफर कर सकती हैं। खास बात यह है कि महिला यात्री के साथ एक अटेंडेंट भी बिना किराए के सफर कर सकता है। यह सुविधा रक्षाबंधन के दौरान तीन दिनों तक दी जा रही है, जिसकी शुरुआत आज यानी गुरुवार 27 अगस्त को सुबह 6 बजे से शुरू हो चुकी है।
29 अगस्त तक होगी मुफ्त यात्रा
प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, महिलाओं को 29 अगस्त की आधी रात 12 बजे तक ई-बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी। इस दौरान महिला यात्री को बस का किराया नहीं देना होगा। उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को भी इस मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुफ्त यात्रा से महिलाओं को आर्थिक राहत
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाती हैं। त्योहार के दौरान सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ जाती है। ऐसे में मुफ्त ई-बस सेवा महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ आवागमन को आसान बनाने में मदद करेगी।
अटेंडेंट को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दिए जाने से उन महिलाओं को खास लाभ होगा, जो अकेले सफर करने के बजाय परिवार के किसी सदस्य या परिचित के साथ यात्रा करती हैं।
UPSRTC 100 ई-बसों का संचालन कर रहा
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के जरिए करीब 100 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें शहर और आसपास के प्रमुख इलाकों तथा मार्गों को जोड़ती हैं।
किफायती यात्रा उपलब्ध कराना ही उद्देश्य
सरकार के निर्देश के बाद संबंधित विभागों ने रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तैयारियां पहले ही शुरू कर दी थीं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुगम और किफायती यात्रा उपलब्ध कराना इस फैसले का प्रमुख उद्देश्य है।
इस सुविधा से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को रक्षाबंधन पर अपने मायके या रिश्तेदारों के घर जाने में अतिरिक्त किराए का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
