राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार, 21 अगस्त को राज्य के 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि कल यानी शनिवार 22 अगस्त को 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 23 अगस्त से अगले चार-पांच दिनों तक राज्य में मानसून के कमजोर रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक हफ्ते तक बारिश की संभावना नहीं है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
धौलपुर में सबसे ज्यादा 29 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धौलपुर में सबसे ज्यादा 29 MM बारिश हुई। बसईनवांब में 19 MM, बारां के शाहबाद में 17 MM, अलवर के टहला में 16 MM, बारां शहर में 16 MM और टोंक में 11 MM बारिश दर्ज की गई। कोटा, झालावाड़, भरतपुर और दौसा में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर सिस्टम कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। मानसून ट्रफ अमृतसर, निजामाबाद, फतेहगढ़ और हरदोई से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
जयपुर में जेएलएन मार्ग पर 17 MM बारिश
राजधानी जयपुर में कल यानी गुरुवार को दोपहर बाद मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। जेएलएन मार्ग पर 17 MM, जबकि जयपुर एयरपोर्ट पर 1.4 MM बारिश दर्ज की गई। अजमेरी गेट, रामबाग, 22 गोदाम, ट्रांसपोर्ट नगर और मालवीय नगर में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म
बारिश की गतिविधियां कम होने से राज्य के कई इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है। गुरुवार को श्रीगंगानगर 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा। सीकर में तापमान 36 डिग्री रहा और उमस से लोग परेशान रहे।
इन इलाकों में हल्की बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार 21 से 23 अगस्त के बीच श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में भी अगले सप्ताह मानसून के कमजोर रहने की संभावना है। अजमेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, कोटा में 32.6 डिग्री और उदयपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
