राजस्थान में आज का मौसम (28 April 2026): राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दिन में तेज धूप जलाने को आतुर है, जबकि रात में भी गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। दिन में हीटवेव के साथ ही Warm Nights का भी सामना लोगों को करना पड़ रहा है। पारा लगातार हाफ सेंचुरी की तरफ बढ़ता जा रहा है। कल यानी सोमवार को जैसलमेर में तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। सोमवार का दिन पिछले 10 वर्षों में जैसलमेर का अप्रैल के महीने में सबसे गर्म दिन रहा।
राजस्थान में आज प्रचंड गर्मी के बीच बारिश की संभावना
हदें पार कर रहा पारा
सोमवार को राजस्थान के लगभग सभी शहरों में तापमान सामान्य से 3-9 डिग्री तक ज्यादा रहा। जैसलमेर में तो रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ी ही। साथ ही बाड़मेर में भी तापमान 46.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं कोटा में 45.7, फलोदी और चित्तौड़गढ़ में 45.4, चूरू में 45.3 और बीकानेर में पारा 45.0 डिग्री तक पहुंच गया।
दिन का चैन और रात की नींद उड़ा रही गर्मी
राजस्थान के कई शहरों में अभी से ही मई-जून जैसी गर्मी और लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय लू के थपेड़े पड़ रहे हैं तो रात में भी गर्मी से नींद उड़ी हुई है। गर्मी का असर इतना अधिक है कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में आई आंधी और हल्की-फुल्की बारिश के बावजूद गर्मी से रत्तीभर भी राहत नहीं मिली।
आज होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के चलते दोपहर बाद कई शहरों में तेज हवाएं चलेंगी। यह हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और आंधी का रूप ले सकती हैं। इन हवाओं के प्रभाव में कई शहरों और जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। अनुमान है कि इससे कुछ शहरों के तापमान में 1-2 डिग्री की मामूली गिरावट पड़ सकती है। आंधी और बारिश का यह असर 3 अप्रैल तक रह सकता है, जिसके प्रभाव में अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा।
Heatwave का अलर्ट
भारत मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव जैसे हालात हो सकते हैं। इसके अलावा गुजरात, रायलसीमा में भी आज लू जैसे हालात झेलने को तैयार रहें। पश्चिमी राजस्थान में आज वॉर्म नाइट्स का भी सामना करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज राज्य के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज बाड़मेर व जोधपुर के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर और भरतपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
जबकि कल यानी बुधवार 29 अप्रैल को जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, दौसा, जुरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर और भरतपुर में बारिश की संभावना है, इसके लिए मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।
