राजस्थान में आज का मौसम (19 March 2026): उत्तर-पश्चिमी भारत में लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना हुआ है। इसके चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ ही राजस्थान में भी मौसम ने पलटी मार ली है। कल यानी बुधवार 18 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बीकानेर, जालोर सहित राज्य के कई शहरों और जिलों में देर रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। जैसलमेर और बाड़मेर जैसे शहरों में तेज हवा के साथ बारिश ने दस्तक दी, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है।
राजस्थान में तापमान 9 डिग्री तक गिरा, बारिश-ओलों से फसलों को नुकसान
उत्तर में हिमालयी राज्यों के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। नए सिस्टम के चलते निचले इलाकों में बारिश हो रही है। आज यानी गुरुवार 19 मार्च को राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। आसपास के इलाकों में भी बदले हुए मौसम का असर देखने को मिल रहा है। यहां सुबह से ही हल्की ठंडी हवा चल रही है, जबकि कुछ दिन पहले राज्य के कई शहरों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया था।
9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया तापमान
आज के लिए राज्य के डूंगरपुर और बांसवाड़ा को छोड़कर पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी है और मौसम विभाग के अनुसार कल यानी शुक्रवार 20 मार्च तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। बता दें कि कल यानी बुधवार 18 मार्च को राजस्थान के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। सीर में तो ओले गिरे, जिसके कारण यहां हल्की ठंड लौट आई है।
जैसलमेर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
भीलवाड़ा में आज सुबह से घने बादल छाए हुए हैं, जिसके कारण धूप नहीं निकली है और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने आज दिनभर जिले में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह जैसेलमेर में भी सुबह करीब 4 बजे बारिश हुई। इस बारिश के कारण खेतों में खड़ी और कटी फसलें खराब हो गईं, जिससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने यहां भी आज दिनभर बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बाड़मेर में ईसबगोल की फसल खराब
बाड़मेर में देर रात 2 बजे तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे खेतों में खड़ी और कटी ईसबगोल व जीरा की फसलें बर्बाद हो गईं। बीकानेर में आज सुबह 6 बजे हल्की बारिश देखने को मिली। यह बारिश ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में हुई। सुबह बच्चों को बरसात के बीच एग्जाम देने के लिए स्कूल जाना पड़ा। बारिश के चलते जिले के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर में आज और कल भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कल यानी शुक्रवार 20 मार्च तक रहेगा। इसके प्रभाव में राजधानी जयपुर के साथ ही बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। आशंका है कि तेज आंधी के चलते कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
