शहर

पेंशन नियमों में बदला, नई इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी को मंजूरी; भजनलाल कैबिनेट ने लिए अहम फैसले

कैबिनेट ने नई इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी 2026 को मंजूरी दे दी है, जो अगले 25 वर्षों तक युवाओं के रोजगार और औद्योगिकीकरण का माध्यम बनेगी। राजस्थान को 30 लाख करोड़ की इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य के साथ इस पॉलिसी को जिलावार लागू किया जाएगा।

Image

राज्यवर्धन सिंह राठौड़

राजस्थान में सीएम भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार की देर शाम को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कई अहम फैसले लिये गए, जिसमें सबसे बड़ा फैसला पेशन नियमों में बदलाव को लेकर है। सरकार ने पेशन नियमों में बदलाव के साथ लोगों को राहत दी है। इसके साथ ही सरकार ने जल संकट और ऊर्जा संकट को लेकर भी अहम निर्देश दिए हैं। राजस्थान में 25 मई से 5 जून तक प्रदेश में 'बंधे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत सीएम भजनलाल शर्मा खुद करेंगे।

राजस्थान में पेंशन नियमों (1996) में तीन बड़े बदलाव किये हैं। इसके तहत दिव्यांग बच्चों को हर 3 साल में विकलांगता प्रमाण पत्र देने की बाध्यता खत्म कर दी गई है, अब उन्हें केवल एक बार ही यह सर्टिफिकेट देना होगा। पेंशनर्स को अब मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी से सालाना जीवित प्रमाण पत्र (Life Certificate) देने की छूट होगी। इसके अलावा अब नॉन-गैजेटेड ऑफिसर भी अब अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) से साइन इन करके किसी पेंशनर का जीवित होने का प्रमाण पत्र जारी कर सकेंगे, जहां पहले दो गैजेटेड ऑफिसर्स के साइन जरूरी होते थे, अब केवल एक गैजेटेड ऑफिसर के साइन से मान्यता मिलेगी।

कैबिनेट ने नई इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी 2026 को मंजूरी दे दी है, जो अगले 25 वर्षों तक युवाओं के रोजगार और औद्योगिकीकरण का माध्यम बनेगी। राजस्थान को 30 लाख करोड़ की इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य के साथ इस पॉलिसी को जिलावार लागू किया जाएगा। इसमें वेयरहाउस, आईटी सर्विसेज, ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर (GCC) और लॉजिस्टिक को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है। भविष्य के सेक्टर्स जैसे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), AVGC और एयरोस्पेस को भी इस पॉलिसी में जगह मिली है।

इसके साथ ही क्लस्टर सपोर्ट और डिजिटल सपोर्ट के तहत जयपुर ज्वेलरी, बाड़मेर हैंडीक्राफ्ट, बगरू और सांगानेर के टेक्सटाइल को बढ़ावा दिया जाएगा। जेके सीमेंट को रेलवे ट्रैक निर्माण के लिए 71 हेक्टेयर जमीन (प्रोजेक्ट लागत 212 करोड़) और डालमिया सीमेंट को प्लांट के लिए 121 हेक्टेयर जमीन डीएलसी की दोगुनी दरों पर आवंटित करने को मंजूरी दी गई है।

'बंधे गंगा जल संरक्षण जन अभियान

राजस्थान में 25 मई से 5 जून तक प्रदेश में 'बंधे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री इसकी शुरुआत भरतपुर में गंगा माता के मंदिर से करेंगे। इस अभियान के तहत नए जल संचय ढांचों का निर्माण और पुराने स्रोतों व नालों की सफाई होगी। 'हरियालो राजस्थान अभियान' के तहत प्रदेश में 19 करोड़ से ज्यादा वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है। कृषि सेवा के सेवा नियमों में संशोधन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए जैसलमेर (फतेहगढ़ और घटा रूपों), बाड़मेर (शिव तहसील के मुंगेरिया गांव) और बीकानेर (पूगल तहसील के करणीसर भटियां व बज्जू गांव) में बड़े पैमाने पर जमीन आवंटन को मंजूरी दी गई है।

मंत्री परिषद की बैठक में गर्मी को देखते हुए पानी और बिजली की आपूर्ति की समीक्षा की गई है। डीजल की जरूरत को लेकर जो जरूरत थी उसके बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में जरूरत की समीक्षा करेंगे और बेहतर प्रबंधन के लिए जरूरी कदम उठाएंगे

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article