छत्तीसगढ़ में युवाओं के सपनों को साकार करने की पहल, 34 नए नालंदा परिसरों का निर्माण; पहली किस्त जारी

छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। राज्य के 33 शहरों में नालंदा परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन का निर्माण किया जा रहा है। रायपुर के सफल मॉडल को आधार बनाकर पूरे प्रदेश में इन परिसरों का विस्तार हो रहा है।

Nalanda Complexes in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए 34 नए नालंदा परिसर स्थापित कर रही है। ये परिसर केवल रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और रायगढ़ जैसे बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि सुदूर वनांचलों के सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, कुनकुरी, जशपुर, बलरामपुर और पेंड्रा जैसे क्षेत्रों में भी बनाए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 33 नालंदा परिसरों के लिए धनराशि स्वीकृत की है। वहीं रायगढ़ में सीएसआर फंड से 700 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य जारी है।

New Nalanda Complexes in Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में नए नालंदा परिसरों का निर्माण

इसके लिए रायगढ़ नगर निगम और एनटीपीसी के बीच 42 करोड़ 56 लाख रुपए का करार हुआ है। यह प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर होगा। इन सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन्स से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई की सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। बीते दो वर्षों में विभाग ने नालंदा परिसरों के लिए कुल 237 करोड़ 57 लाख 95 हजार रुपए मंजूर किए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17 नगरीय निकायों में 18 परिसरों के लिए 125 करोड़ 88 लाख रुपए और वर्ष 2024-25 में 15 परिसरों के लिए 111 करोड़ 70 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 11 परिसरों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

End of Feed