दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम बदलने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी बुधवार 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। जबकि मध्य प्रदेश में भी चक्रवात अर्नब के प्रभाव से अगले चार दिन तक बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर सहित चार राज्यों में पांच दिन बारिश का अलर्ट
मौसम में इस बदलाव के बीच राजधानी दिल्ली के तापमान में गिरावट आ सकती है। कल यानी मंगलवार 27 अक्टूबर को राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो तीन साल में अक्टूबर की सबसे ठंडी सुबह रही। बारिश और बादलों का असर 29 अक्टूबर को करवा चौथ के त्योहार पर भी पड़ सकता है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव की संभावना है। दिल्ली-NCR में बुधवार को बादल छाने, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 1 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।
इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। मंगलवार शाम 4 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 197 था, जो मध्यम श्रेणी में रहा। शाम 7 बजे यह बढ़कर 218 पहुंच गया और हवा खराब श्रेणी में आ गई।
चक्रवात अर्नब का इन राज्यों में असर
बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुआ अति गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब आज सुबह आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच टकरा गया यानी साइक्लोन का लैंडफॉल हो गया। इस दौरान हवा की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी।
आज तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो रही है और दिनभर जारी रह सकती है। कल यानी गुरुवार 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में बारिश की संभावना है। बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी 29-30 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, आज मध्य प्रदेश के 31 जिलों में मौसम पर अर्नब तूफान का असर दिख सकता है। सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना है।
वहीं, भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रायसेन, सीहोर, विदिशा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
