UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में गुरुवार को जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान समाजवादी कार्यकर्ता क्रेन की मदद से एक विशाल माला लेकर पहुंचे और अखिलेश यादव को पहनाकर उनका स्वागत किया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव
अखिलेश यादव के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। क्रेन से विशाल माला लाकर पहनाए जाने का दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर समर्थकों ने अखिलेश यादव के समर्थन में नारे भी लगाए।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव खास तौर पर डिजाइन किए गए 'पीडीए रथ' पर सवार होकर गुरुवार को लखनऊ से रायबरेली पहुंचे। वह पार्टी के इस नए राजनीतिक वाहन को चुनावी मैदान में ले जा रहे हैं। यह कदम वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उठाया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 9 मौतें, 19 चालान और चार राज्यों के दस्तावेज... बस अग्निकांड के बाद उठे गंभीर सवाल, ड्राइवर बोला- 'मरना है तो मर जाओ'
'PDA वोटो की नहीं हुई चोरी तो सपा बनाएगी सरकार'
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के वोटों की 'चोरी' में मदद करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को दावा किया कि यदि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पीडीए के वोटों की 'चोरी' नहीं हुई होती तो राज्य में सपा की सरकार बन गई होती।
अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी और सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
रायबरेली में सपा की 'पीडीए रथ' यात्रा के तहत पहुंचे अखिलेश ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ''चुनाव आयोग बेनकाब हो चुका है और कठपुतली की तरह काम कर रहा है। लोकतंत्र में इतने निम्न स्तर का काम शायद पहले कभी नहीं हुआ। अब चुनाव आयोग पर कोई भरोसा नहीं है।''
