Purnia News: पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में आरएन साह चौक पर छात्रों और समर्थकों ने मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पप्पू यादव पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने और उनकी तत्काल रिहाई की भी मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने राजनीतिक साजिश का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट छात्रा को न्याय दिलाने के लिए पप्पू यादव सड़क से लेकर संसद तक लगातार संघर्ष करते रहे हैं। इसी संघर्ष के कारण उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश कर उन्हें फंसाया गया है। समर्थकों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी पप्पू यादव ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, उन्हें सरकार की ओर से रोकने का प्रयास किया गया।
नीट छात्रा को जल्द न्याय दिलाने की मांग
पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर समर्थकों का कहना था यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। जिस मामले में उन्हें गिरफ्तारी किया गया है, उसमें कोर्ट के आदेश के अनुसार सभी कानूनी प्रक्रियाएं पहले ही पूरी की जा चुकी थीं। हालांकि जमानत की शर्तों के अनुसार उन्हें 7 तारीख को अदालत में उपस्थित होना था, इसके बावजूद देर रात पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी को समर्थकों ने निंदनीय बताया है। प्रदर्शनकारियों ने नीट छात्रा को शीघ्र न्याय दिलाने की भी मांग की है।
1995 के मामले में पप्पू यादव की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि पप्पू यादव को शनिवार देर रात पटना में मंदिरी स्थिति उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें वर्ष 1995 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। पप्पू यादव के खिलाफ सांसद/विधायक अदालत द्वारा भारतीय दंड संहिता की धारा 467 (दस्तावेजों की जालसाजी) के तहत दर्ज मामले में वारंट जारी किया गया था। शनिवार को पटना की एक अदालत ने उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने कहा कि पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी। उन्हें तब तक इलाज के लिए पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (PMCH) में रखा जाएगा।
