Ludhiana Firing: पंजाब के जगरांव के पास एक गुरुद्वारे में गोलीबारी की घटना के एक दिन बाद बुधवार को लुधियाना में दो नकाबपोश लोगों ने एक अन्य सिख धर्मस्थल में घुसकर उसके मुख्य सेवादार के कक्ष में कई गोलियां चलाईं। हालांकि, इस घटना में मुख्य सेवादार बलदेव सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लुधियाना के गुरुद्वारा में फायरिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे की है। जिस समय हमलावरों ने गोलियां चलाईं, उस समय बलदेव सिंह अपने कमरे से सटे स्नानघर में नहा रहे थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने खतरा भांप लिया और स्नानघर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। वह हमलावरों के वहां से जाने तक अंदर ही रहे।
मुख्य सेवादार के कमरे में चलीं कई गोलियां
पुलिस को दिए अपने बयान में बलदेव सिंह ने बताया कि स्नान करने से पहले उन्होंने गुरुद्वारे का मुख्य दरवाजा खोल दिया था। इसके बाद उन्हें अचानक अपने कमरे के भीतर कई गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। खतरे को देखते हुए उन्होंने स्नानघर का दरवाजा बंद कर लिया और हमलावरों के जाने तक वहीं रहे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज
समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, लुधियाना ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकुर गुप्ता अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुधार पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
CCTV फुटेज में दिखे दो नकाबपोश
गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो नकाबपोश लोग परिसर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की टीमें गांव की ओर जाने वाली सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
सुधार थाना के प्रभारी निरीक्षक राजवरिंदर पाल सिंह ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पंजाब के तरनतारन में कार सवार लोगों पर गोलीबारी, एक की मौत, दो अन्य घायल
जगरांव के पास गुरुद्वारे में भी हुई थी गोलीबारी
इससे करीब 24 घंटे पहले जगरांव के पास गगरा गांव स्थित गुरुद्वारा श्री गोपालसर साहिब में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। वहां हथियारबंद लोगों ने मुख्य द्वार पर गोलियां चलाई थीं और कथित तौर पर मुख्य सेवादार तथा अन्य धार्मिक एवं राजनीतिक हस्तियों के नाम संबोधित एक धमकी भरा पत्र फेंका था।
